Manovikas Charitable Society · Delhi, India · Since 1997
Accessibility

Home › Blog & Stories › Wellbeing & Sachetan

30 June 2022 · Wellbeing & Sachetan · हिन्दी

मानव शरीर की रचना: सूक्ष्म शरीर और स्थूल शरीर

सचेतन न्यूज़लेटर: मानव शरीर की रचना

सचेतन न्यूज़लेटर का यह लेख बताता है कि हर प्राणी के दो शरीर होते हैं, मन-बुद्धि-अहंकार से बना सूक्ष्म शरीर और मांस से बना स्थूल शरीर।

सरल भाषा में

🧘 हर इंसान के दो शरीर होते हैं।

💭 एक है सूक्ष्म शरीर: मन, बुद्धि और अहंकार।

🧍 दूसरा है स्थूल शरीर, जो हमें दिखता है।

🌿 मन को पवित्र रास्ते पर लगाना ज़रूरी है।

पूरा लेख विस्तृत भाषा में नीचे है।

मानव शरीर की रचना

इस संसार में ब्रह्मा से लेकर स्थावर/स्थायी पर्यन्त सभी जाति के प्राणियों के सदा दो-दो शरीर होते हैं। एक तो सूक्ष्म शरीर होता है, जो शीघ्रता पूर्वक सब कार्य करने वाला और सदा चंचल है। दूसरा मांस का बना हुआ स्थूल शरीर है, जो मन के बिना कुछ नहीं कर सकता।

मानव-शरीर परमात्मा का आश्रय स्थल है और वस्तुतः हमारी आत्मा एक साथ दो शरीरों में निवास करती है जिसे स्थूल और सूक्ष्म शरीर कहते हैं।

सूक्ष्म शरीर

आत्मा अपने शुद्ध रूप में स्थूल शरीर में निवास नहीं कर सकती। शुद्ध अवस्था में आत्मा, परमात्मा ही होता है। हम यह भी जानते हैं कि आत्मा में अशुद्धि प्रवेश नहीं कर सकती। अतः परमात्मा आदि शक्ति जिसे माया कहते हैं, ऊपर एक आवरण लपेटती है।

वह आवरण किसी पदार्थ से नहीं बल्कि मन, बुद्धि एवं अहंकार से बनता है। मन, बुद्धि एवं अहंकार से युक्त इस आवरण को ही सम्मिलित रूप से सूक्ष्म शरीर कहते हैं। भगवद् गीता भी कहती है कि सूक्ष्म शरीर के तीन भाग होते हैं: मन, बुद्धि और अहंकार।

देहधारियों का जो यह मन नामक दूसरा शरीर है, वह तीनों लोकों में प्राणियों के अधीन होकर भी प्रायः अधीन नहीं रहता। वह शांति से बने रहने वाले धैर्य का अवलम्बन करके अपने पौरुष के सहारे स्थित होता है, तो दुःखों की पहुँच से बाहर हो जाता है। दुःख के हेतुभूत जो दोष हैं, वे उसे दूषित नहीं करते। प्राणियों का सूक्ष्म शरीर जैसे-जैसे चेष्टा करता है, वह अपने निश्चय के एकम यानी आत्मा के फल का भागी होता है।

स्थूल शरीर

उक्त दोनों शरीर में से जो मांसमय स्थूल शरीर है, वह सभी लोगों को प्रत्यक्ष दिखाई देता है। इसी पर सब प्रकार के श्रापों, विद्याओं (आभिचारिक कृत्यों) तथा विष, शस्त्र आदि विनाश के साधन-समूहों का आक्रमण होता है। यह मांसमय शरीर असमर्थ, दीन, क्षणभंगुर, कमल के पत्ते पर पड़े हुए जल के समान चञ्चल तथा प्रारब्ध आदि के अधीन है।

मांसमय देह (पाञ्चभौतिक स्थूल शरीर) का कोई भी पौरुष-क्रम सफल नहीं होता, परंतु मनोमय शरीर की प्रायः सभी चेष्टाएँ साफ होती हैं (क्योंकि मन ही प्रधान है)। ऋषियों ने मानसिक पुरुषार्थ से मन को रोग रहित और दुःख शून्य बना सम्पूर्ण क्लेश पर विजय प्राप्त कर ली थी।

अंधकारपूर्ण कुएं में गिरे होने पर भी दीर्घतपा ऋषि ने मानसिक यज्ञ का ही अनुष्ठान करके देवताओं का पद (स्वर्गलोक) प्राप्त कर लिया था। दूसरे भी जो सावधान धीर देवता और महर्षि हैं, वे मन से की जाने वाली उपासना अथवा ध्यान का तनिक भी त्याग नहीं करते। संसार में सावधान चित्त वाला कोई भी पुरुष कभी स्वप्न अथवा जागरण में भी दोष-समूहों से थोड़ा-सा भी अभिभूत नहीं होता।

इसलिए पुरुष को चाहिये कि वह इस संसार में पुरुषार्थ के साथ अपनी बुद्धि के द्वारा ही अपने मन को पवित्र मार्ग में लगाये। जैसे कुम्हार के घट-निर्माण सम्बन्धी व्यापार के अनन्तर घड़ा अपने मृत्पिण्ड अवस्था को त्याग देता है, उसी प्रकार पुरुष उत्तर पदार्थ की वासना के पश्चात् पूर्व की स्थिति का त्याग कर देता है (तात्पर्य यह है कि आगे की दृढ़ भावना से पिछली वासना नष्ट हो जाती है)।

सचेतन न्यूज़लेटर: मानव शरीर की रचना
सचेतन न्यूज़लेटर: मानव शरीर की रचना
साझा करें: WhatsApp Facebook LinkedIn X

मनोविकास परिवार से जुड़ें

Stories like this happen every week at Manovikas. Get them in your inbox, or help make the next one possible.

Get our news by email. Or help us.

Get our newsletter Support our work Volunteer / get involved

More stories from Wellbeing & Sachetan

← All stories Learn with us →

The Manovikas family

Explore our network

One mission across our schools, care homes and platforms — each with its own home online.